हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर ब्लॉक में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किए बिना 26.06 लाख रुपये की निकासी का मामला सामने आया है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुशील सती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें लक्सर ब्लॉक से हटाकर बहादराबाद ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2026-27 का है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत, लक्सर की ओर से सात सितंबर को जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजी गई संस्तुति रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि संबंधित अधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना को पंचायतीराज मंत्रालय, भारत सरकार के ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड नहीं किया। इसके बावजूद चार ग्राम पंचायतों में राज्य वित्त आयोग से आवंटित अनुदान की पहली किस्त की धनराशि निकाल ली गई।
चार ग्राम पंचायतों से निकाली गई रकम
सहायक विकास अधिकारी पंचायत की रिपोर्ट के अनुसार, लक्सर ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में कुल 26.06 लाख रुपये की निकासी की गई। इनमें अकबरपुर ऊद, दरगाहपुर, मुंडाखेड़ा कलां और नेतवाला सैदाबाद शामिल हैं। रिपोर्ट में ग्राम पंचायतवार निकाली गई धनराशि का विवरण इस प्रकार दिया गया है:- अकबरपुर ऊद: 6.66 लाख रुपये
- दरगाहपुर: 9.45 लाख रुपये
- मुंडाखेड़ा कलां: 9.44 लाख रुपये
- नेतवाला सैदाबाद: 51 हजार रुपये
Comments
0