Popular searches
उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ₹218 करोड़ की मंजूरी

Table of Contents
21 अशासकीय महाविद्यालयों के कर्मचारियों के वेतन के लिए ₹77.69 करोड़ स्वीकृत, सड़क, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को भी मिलेगी गति देहरादून। उत्तराखंड में विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न मदों में वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्यांश, अशासकीय महाविद्यालयों के कर्मचारियों के वेतन, ग्रामीण संपर्क मार्गों, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, पर्यटन सुविधाओं, बैराज के स्लोप प्रोटेक्शन और सड़क अवसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 13.48 करोड़ रुपये

चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटिनेंस और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन-1.0 के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में केंद्रांश के सापेक्ष राज्यांश के रूप में 13.48 करोड़ रुपये राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित मदों में नया लेखाशीर्ष खोलने की अनुमति भी प्रदान की गई है।

21 अशासकीय महाविद्यालयों के वेतन के लिए 77.69 करोड़

उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन आदि के भुगतान के लिए 77.69 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए कुल 155.38 करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसके सापेक्ष शेष राशि जारी करने को मंजूरी दी गई है।

सड़क, मंदिर और पर्यटन सुविधाओं के लिए धनराशि

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में निर्माण और विकास कार्यों के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा दर में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 93.08 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, खटीमा विधानसभा क्षेत्र के शिव मंदिर अंजनिया में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर और खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में बागेश्वर-पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट पर स्थित पर्यटक आवास गृह फुरकिया की मरम्मत और सुधार के लिए 4.44 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल के द्वाराखाल/एकेश्वर विकासखंड में सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत में शामिल स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों के लिए 4.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

शारदा नदी के फ्लड प्लेन जोनिंग कार्य को मंजूरी

राज्य सेक्टर के अंतर्गत शारदा (काली) नदी में फ्लड प्लेन जोनिंग के लिए कंसल्टेंसी कार्य हेतु 47.31 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य का उद्देश्य नदी के बाढ़ क्षेत्र से संबंधित नियोजन प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।

सड़क अवसंरचना के नौ कार्यों के लिए 288.41 करोड़

केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत नौ कार्यों के लिए कुल 288.41 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इन कार्यों के लिए पहली किस्त के रूप में 115.36 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है। इन स्वीकृतियों से स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा, संपर्क मार्गों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन सुविधाओं और सड़क अवसंरचना से जुड़े विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

Chhuyaaltvnews.com

Contributor

No bio available.

Comments

0

Newsletter

Stories worth your inbox

Get the best articles on SEO, tech, and more — delivered to your inbox. No noise, just signal.