Popular searches
Uttarakhand News

35 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ेंगी हरिद्वार की सिटी बसें, 37 ई-बसों का संचालन जल्द

Table of Contents

पीएम ई-बस योजना के तहत मिलीं इलेक्ट्रिक बसें, सप्तऋषि से लालढांग, बहादराबाद और रोशनाबाद तक प्रस्तावित रूट

हरिद्वार। करीब 35 साल से बंद पड़ी हरिद्वार की सिटी बस सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत हरिद्वार को 37 इलेक्ट्रिक सिटी बसें आवंटित की गई हैं। बसों के संचालन से पहले रूट, स्टॉपेज और चार्जिंग प्वाइंट को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों का लक्ष्य कुंभ मेले से पहले सेवा शुरू करने की दिशा में काम पूरा करना है।

1991 में बंद हुई थी सिटी बस सेवा

हरिद्वार में वर्ष 1991 तक सिटी बसों का संचालन होता था। उस समय शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, कार्यालय और कोर्ट जाने वाले लोगों के लिए बसें प्रमुख सार्वजनिक परिवहन साधन थीं। कम किराए में शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने की सुविधा मिलने के कारण सिटी बसों का व्यापक उपयोग किया जाता था। सिटी बस सेवा बंद होने के बाद धीरे-धीरे ऑटो, विक्रम और बैटरी रिक्शा ने सार्वजनिक परिवहन की जगह ले ली। शहर की आबादी और यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ छोटे यात्री वाहनों की संख्या भी बढ़ी, लेकिन निर्धारित रूट और किराए की व्यवस्था को लेकर लोगों की शिकायतें सामने आती रही हैं।

सप्तऋषि से रोशनाबाद तक जुड़ेंगे प्रमुख इलाके

प्रस्तावित योजना के अनुसार सिटी बसों का संचालन सप्तऋषि से शुरू होकर शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए लालढांग, बहादराबाद और पतंजलि योगपीठ तक किया जाएगा। इसके अलावा रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय क्षेत्र को भी बस सेवा से जोड़ने की योजना है। अधिकारियों ने संभावित रूटों का सर्वे शुरू कर दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिहाज से प्रमुख स्थानों पर स्टॉपेज तय किए जाएंगे। बसों के संचालन के लिए हरिद्वार रोडवेज वर्कशॉप के पास खाली भूमि पर चार्जिंग प्वाइंट विकसित करने की तैयारी भी की जा रही है।

कुंभ से पहले संचालन की तैयारी

एआरटीओ निखिल शर्मा के मुताबिक, प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत हरिद्वार के लिए 37 इलेक्ट्रिक बसों का आवंटन हो चुका है। रूट सर्वे का काम किया जा रहा है और बसों के संचालन की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। कोशिश है कि आगामी कुंभ मेले से पहले सिटी बस सेवा शुरू की जा सके।

एसी बसों से मिलेगी यात्रियों को सुविधा

नई सिटी बस सेवा की खासियत यह होगी कि यात्रियों को एसी इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने की सुविधा मिलेगी। लंबे समय बाद शहर में सार्वजनिक परिवहन का व्यवस्थित विकल्प उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों और हरिद्वार आने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी सिटी बस सेवा के दौरान कम किराए में शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचना आसान था। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद यात्रियों की नजर अब बसों के किराए, रूट और संचालन की नियमितता पर रहेगी।

Ajay Negi

Founder of Chhuyaal Tv

Founder of Chhuyaal Tv

Comments

0

Newsletter

Stories worth your inbox

Get the best articles on SEO, tech, and more — delivered to your inbox. No noise, just signal.